IPL : आईपीएल 2023 अपने समापन पर पहुंच गया और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम चैंपियन बन गई है। फाइनल मैच चेन्नई और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया, जिसे सीएसके ने पांच विकेट से जीत लिया। आईपीएल पूरी दुनिया में काफी मशहूर है और दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ी इस लीग में खेलने के लिए बेताब रहते हैं। 2023 सीजन में भी कई कमाल देखने को मिले।
इस लीग की शुरुआत 2008 में हुई थी और तब दिवंगत शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स की टीम जीती थी। पहले यह लीग 2021 तक आठ टीमों के बीच खेली जाती थी, लेकिन पिछले दो सीजन से इसमें 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 2010 में भी 10 टीमों ने खेला था।
और 2012 और 2013 में इस टूर्नामेंट में नौ-नौ टीमों ने भाग लिया था। रोहित शर्मा की टीम मुंबई इंडियंस और महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन में जीत के साथ सबसे ज्यादा पांच-पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। इसके अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स दो बार टूर्नामेंट जीत चुकी है। वहीं, गुजरात टाइटंस, डेक्कन चार्जर्स, राजस्थान और सनराइजर्स हैदराबाद इस किताब को एक बार जीतने में सफल रहे हैं।
वहीं, लखनऊ सुपरजाइंट्स और पुरानी टीमें दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंज बैंगलोर ने अब तक एक भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है। आइए जानते हैं कि 2008 से 2023 तक किस टीम ने किसे हराकर यह खिताब जीता।
आईपीएल 2008 (राजस्थान रॉयल्स)
आईपीएल का पहला सीजन 2008 में खेला गया था। राजस्थान रॉयल्स आईपीएल इतिहास में खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी थी। अनुभवी लेग स्पिनर शेन वार्न की अगुवाई में राजस्थान ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया। राजस्थान ने चेन्नई को तीन विकेट से हराया।
आईपीएल 2009 (डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद)
डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद ने दूसरे सीजन में खिताब जीता था। आईपीएल 2009 में हैदराबाद ने फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह रन से हराया था। एडम गिलक्रिस्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।
आईपीएल 2010 (चेन्नई सुपर किंग्स)
आईपीएल की सबसे मजबूत टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स 2008 में खिताब से चूक गई थी, लेकिन 2010 में टीम ने खिताब अपने नाम किया था। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने फाइनल में मुंबई को 22 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। सचिन तेंदुलकर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
आईपीएल 2011 (चेन्नई सुपर किंग्स)
एमएस धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार दूसरे सीजन में खिताब अपने नाम किया। 2011 के फाइनल में चेन्नई ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 58 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था। क्रिस गेल प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
आईपीएल 2012 (कोलकाता नाइट राइडर्स)
2012 में आईपीएल को नया चैंपियन मिल गया। बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने पांचवां सीजन जीता। गौतम गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने फाइनल में चेन्नई को पांच विकेट से हराया था। सुनील नरेन प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
आईपीएल 2013 (मुंबई इंडियंस)
2013 में आईपीएल को एक और नया चैंपियन मिला। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता। मुंबई ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को 23 रन से हराया। शेन वॉटसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
आईपीएल 2014 (कोलकाता नाइट राइडर्स)
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2014 में फिर से खिताब जीता। इस बार फिर कप्तान गौतम गंभीर थे। फाइनल में कोलकाता ने किंग्स इलेवन पंजाब को तीन विकेट से हराया। ग्लेन मैक्सवेल, जो उस सीजन में शानदार फॉर्म में थे, उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
आईपीएल 2015 (मुंबई इंडियंस)
आईपीएल 2015 में मुंबई इंडियंस की टीम एक बार फिर चैंपियन बनी थी। रोहित की कप्तानी में मुंबई ने फिर फाइनल में चेन्नई को हराया। मुंबई इंडियंस ने 41 रन से जीत दर्ज की। आंद्रे रसेल प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।
आईपीएल 2016 (सनराइजर्स हैदराबाद)
आईपीएल का नौवां सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के नाम रहा। डेविड वॉर्नर की अगुआई में हैदराबाद ने साल 2016 में कमाल का प्रदर्शन किया था। टीम ने पहली बार खिताब जीता था। हैदराबाद ने फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को आठ रन से हराया। यह तीसरा मौका था जब बैंगलोर की टीम फाइनल में हारी। इसके बाद से टीम प्लेऑफ में तो पहुंच गई, लेकिन फाइनल में नहीं पहुंच सकी।
आईपीएल 2017 (मुंबई इंडियंस)
आईपीएल 2017 में मुंबई इंडियंस की टीम तीसरी बार चैंपियन बनी थी। मुंबई ने फाइनल मैच में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स को एक रन से हरा दिया। पुणे के बेन स्टोक्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
आईपीएल 2018 (चेन्नई सुपर किंग्स)
आईपीएल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स ने दो साल के प्रतिबंध के बाद वापसी की थी। धोनी के नेतृत्व में टीम ने जबरदस्त वापसी की और फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराया। कोलकाता के सुनील नरेन इस सीजन के प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।
आईपीएल 2019 (मुंबई इंडियंस)
आईपीएल 2019 के फाइनल मैच में मुंबई इंडियंस ने रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को एक रन से हराकर चौथी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 148 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 147 रन ही बना सकी. केकेआर के आंद्रे रसेल प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
आईपीएल 2020 (मुंबई इंडियंस)
आईपीएल 2020 की शुरुआत सितंबर में कोरोना के कारण हुई थी। मुंबई इंडियंस ने यह सीजन अपने नाम किया। फाइनल मैच में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हरा दिया और आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम बन गई। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
आईपीएल 2021 (चेन्नई सुपर किंग्स)
चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2021 का खिताब जीत लिया। टीम ने फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स को 27 रन से हराया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में 165 रन ही बना सकी। प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड बेंगलुरु के हर्षल पटेल को मिला। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लिए।
आईपीएल 2022 (गुजरात टाइटन्स)
गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल 2022 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मैच गुजरात और राजस्थान के बीच खेला गया। फाइनल में गुजरात ने राजस्थान को सात विकेट से हराया। जोस बटलर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
आईपीएल 2023 (चेन्नई सुपर किंग्स)
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांचवीं बार चैंपियन बनी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 214 रन बनाए। इसके बाद बारिश ने बीच-बचाव किया और ढाई घंटे का खेल बिगाड़ दिया।
मैच 12.10 बजे दोबारा शुरू हुआ। डकवर्थ लुईस नियम के तहत चेन्नई को 15 ओवर में 171 रन का टारगेट मिला है. सीएसके ने आखिरी गेंद पर पांच विकेट खोकर यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ ही चेन्नई ने मुंबई के पांच बार खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।