IPL 2023 : आईपीएल के 16वें सीजन के 25वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को उसके घरेलू मैदान पर 14 रन से हरा दिया। इस जीत से मुंबई की टीम को दो अंक मिले। उसके अब पांच मैचों में छह अंक हो गए हैं। रोहित शर्मा की टीम छठे नंबर पर पहुंच गई है।
वहीं हैदराबाद की यह तीसरी हार है और वह अंक तालिका में नौवें पायदान पर है। सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
मुंबई की लगातार तीसरी जीत
इस हार से सनराइजर्स की जीत का सिलसिला टूट गया है। पिछले दो मैचों में उसे सफलता मिली थी, लेकिन वह जीत की हैट्रिक नहीं लगा सकी। वहीं, मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है।
आखिरी ओवर में अर्जुन ने 20 रन बचाए
सनराइजर्स हैदराबाद को आखिरी ओवर में 20 रन चाहिए थे। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने युवा अर्जुन तेंदुलकर को गेंदबाजी करने के लिए बुलाया। अर्जुन ने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरते हुए सिर्फ चार रन दिए।
उनके ओवर में दो विकेट भी गिरे। दूसरी गेंद पर अब्दुल समद रन आउट हो गए और पांचवीं गेंद पर अर्जुन तेंदुलकर ने भुवनेश्वर कुमार को रोहित शर्मा के हाथों कैच करा सनराइजर्स की पारी समेट दी।
अर्जुन को पहली सफलता मिली
अर्जुन को आईपीएल में पहली सफलता मिली है। अर्जुन ने 2.5 ओवर में 18 रन दिए। उसे सफलता मिली। उन्हें पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ डेब्यू करने का मौका मिला था। तब अर्जुन ने दो ओवर में 17 रन दिए थे। उन्होंने दोनों मैचों में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है।
सनराइजर्स के बल्लेबाज नाकाम रहे
सनराइजर्स के लिए पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। मयंक अग्रवाल ने 41 गेंदों में सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने 16 गेंदों में 36 रन बनाए। एडन मार्करम ने 22, मार्को जानसन ने 13 और वाशिंगटन सुंदर ने 10 रन बनाए। हैरी ब्रूक नौ, राहुल त्रिपाठी सात और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर आउट हुए।
अब्दुल समद से निराशा
टीम को अब्दुल समद से आखिरी ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंदों पर नौ रन ही बना सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। अर्जुन तेंदुलकर और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।
कैमरून ग्रीन 17.50 करोड़ में बिका
मुंबई की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। ग्रीन ने 40 गेंद में नाबाद 64 रन की पारी खेली। उन्हें इस बार मुंबई इंडियंस ने नीलामी में 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। ग्रीन ने आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक जमाकर मुंबई फ्रेंचाइजी के फैसले को सही साबित कर दिया। उन्होंने एक विकेट भी लिया। ग्रीन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
किशन, तिलक और रोहित ने तेजी से रन बनाए
ईशान किशन ने 31 गेंद में 38 और तिलक वर्मा ने 17 गेंद में 37 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 18 गेंद में 28 और टिम डेविड ने 11 गेंद पर 16 रन का योगदान दिया। सूर्यकुमार यादव सात रन बनाकर आउट हुए। सनराइजर्स के लिए मार्को जानसन ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और टी नटराजन को एक-एक सफलता मिली।
रोहित शर्मा ने हासिल की खास उपलब्धि
रोहित शर्मा ने अपनी छोटी सी पारी में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने आईपीएल में अपने छह हजार रन पूरे किए। रोहित ने 232 आईपीएल मैचों में 6014 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा छह हजार से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी बने।
रोहित शर्मा विराट कोहली, शिखर धवन और डेविड वॉर्नर के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं। विराट कोहली के आईपीएल में सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने 228 मैच में 6844 रन बनाए हैं। शिखर धवन के 210 मैचों में 6477 रन और डेविड वॉर्नर के नाम 167 मैचों में 6109 रन हैं।