IPL 2023 Match: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 सीजन की शुरुआत आज (31 मार्च) से होने जा रही है। पहला मैच महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। गुजरात टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या के हाथों में है।
लेकिन इससे पहले फैंस ये भी जानना चाहेंगे कि टूर्नामेंट में ओपनिंग मैच खेलने, जीतने और हारने वाली टीमों का क्या होता है? क्या शुरुआती मैच जीतने वाली टीम चैंपियन बनती है या हारने वाली टीम अधिक बार खिताब जीतती है?
एक नजर 15 IPL सीजन के आकड़ों पर
इन आंकड़ों पर गौर करें तो आईपीएल 2023 शुरू होने से ठीक पहले धोनी और पांड्या के लिए कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. बता दें कि 2008 से अब तक आईपीएल के 15 सीजन खेले जा चुके हैं। इनमें से ओपनिंग मैच (हार या जीत) खेल रही दो टीमों में से कोई एक ही 5 बार चैंपियन बनी है।
इसमें भी वही टीम 3 बार चैंपियन बनी है, जिसने ओपनिंग मैच जीता है। जबकि सिर्फ 2 बार आईपीएल का ओपनिंग मैच हारने वाली टीम उस सीजन में चैंपियन बनी थी। ऐसे में ये आंकड़े धोनी और पांड्या के पक्ष में बहुत कम जाते दिख रहे हैं।
IPL ओपनिंग मैच से जुड़े अहम आंकड़े
- पहला मैच खेलने वाली टीम सिर्फ 5 बार (2011, 2014, 2015, 2018, 2020) चैंपियन बनी
- पहला मैच जीतने वाली टीम सिर्फ 3 बार (2011, 2014, 2018) चैंपियन बनी।
- सिर्फ 2 बार (2015, 2020) पहला मैच हारने वाली टीम चैंपियन बनी, दोनों बार मुंबई की टीम ने यह कारनामा किया है।
IPL के अब तक के सभी 15 सीजन और विजेता
IPL सीजन | विनर | रनरअप | ओपनिंग मैच |
2008 | राजस्थान रॉयल्स | चेन्नई सुपर किंग्स | केकेआर ने आरसीबी को 140 रनों से हराया |
2009 | डेक्कन चार्जर्स | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | मुंबई ने चेन्नई को 19 रनों से हराया |
2010 | चेन्नई सुपर किंग्स | मुंबई इंडियंस | केकेआर ने हैदराबाद को 11 रनों से हराया |
2011 | चेन्नई सुपर किंग्स | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुर | चेन्नई ने केकेआर को 2 रन से हराया |
2012 | कोलकाता नाइट राइडर्स | चेन्नई सुपर किंग्स | मुंबई ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया |
2013 | मुंबई इंडियंस | चेन्नई सुपर किंग्स | केकेआर ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया |
2014 | कोलकाता नाइट राइडर्स | किंग्स इलेवन पंजाब | केकेआर ने मुंबई को 41 रनों से हराया |
2015 | मुंबई इंडियंस | चेन्नई सुपर किंग्स | केकेआर ने मुंबई को 7 विकेट से हराया |
2016 | सनराइजर्स हैदराबाद | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | पुणे ने मुंबई को 9 विकेट से हराया |
2017 | मुंबई इंडियंस | पुणे सुपर जायंट्स | हैदराबाद ने आरसीबी को 35 रनों से हराया |
2018 | चेन्नई सुपर किंग्स | सनराइजर्स हैदराबाद | चेन्नई ने मुंबई को 1 विकेट से हराया |
2019 | मुंबई इंडियंस | चेन्नई सुपर किंग्स | चेन्नई ने आरसीबी को 7 विकेट से हराया |
2020 | मुंबई इंडियंस | दिल्ली कैपिटल्स | चेन्नई ने मुंबई को 5 विकेट से हराया |
2021 | चेन्नई सुपर किंग्स | कोलकाता नाइट राइडर्स | आरसीबी ने मुंबई को 2 विकेट से हराया |
2022 | गुजरात टाइटन्स | राजस्थान रॉयल्स | केकेआर ने चेन्नई को 6 विकेट से हराया |
चेन्नई की टीम 4 बार चैम्पियन बनी, जबकि गुजरात की टीम एक बार चैम्पियन बनी।
IPL में 5 बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस (MI) के नाम है। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने ये सभी खिताब 2013, 2015, 2017, 2019, 2020 सीजन में जीते हैं। इसके अलावा धोनी की कप्तानी में चेन्नई की टीम ने दूसरी बार सबसे ज्यादा 4 बार (2010, 2011, 2018, 2021) खिताब अपने नाम किया है।
हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने दो बार (डेक्कन चार्जर्स 2009, सनराइजर्स हैदराबाद 2016) खिताब जीता है। गौतम गंभीर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) दो बार (2012, 2014) चैंपियन बनी। इन तीन टीमों के अलावा राजस्थान रॉयल्स (2008) और गुजरात टाइटंस (2022) ने 1-1 बार खिताब जीता है।