Battlegrounds Mobile India-BGMI | बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (बीजीएमआई) गेम भारत में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है। इसकी पुष्टि खुद बीजीएमआई ने की है। बीजीएमआई ने खेल को फिर से शुरू करने की अनुमति देने के लिए एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से भारतीय प्राधिकरण को धन्यवाद दिया।
Krafton का लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) भारत में वापसी कर रहा है। करीब 10 महीने पहले इस गेम पर बैन लगा दिया गया था। सरकार के फैसले के बाद इस गेम को Google Play Store और Apple App Store से भी हटा दिया गया था।
हालांकि, अब खेल वापसी कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से इससे जुड़ी खबरें आ रही थीं, लेकिन अब क्राफ्टन ने गेम की वापसी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। आपको बता दें कि BGMI कोई और नहीं बल्कि PUBG Mobile India का रीब्रांडेड वर्जन है, जिसे क्राफ्टन ने कुछ बदलावों के साथ लॉन्च किया था।
बीजीएमआई ने कहा कि क्राफ्टन एक जिम्मेदार दक्षिण कोरियाई कंपनी है और यह भारत के सभी नियमों का पालन करती है। गेम कंपनी ने कहा, हम अपने खिलाड़ियों को सुरक्षित और मजेदार अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
क्या है कंपनी का कहना?
Krafton India के CEO Sean Hyunil Sohn ने इसकी वापसी की जानकारी दी है. उन्होंने बताया, ‘हम भारतीय अधिकारियों के बहुत आभारी हैं, जिन्होंने हमें बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (attlegrounds Mobile India) के संचालन को फिर से शुरू करने की मंजूरी दी है। हम पिछले महीनों में भारतीय गेमिंग समुदाय को उनके समर्थन और धैर्य के लिए भी धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने बताया कि यह ऐप जल्द ही उपलब्ध होगा। पिछले कुछ वर्षों में, भारत सरकार ने 300 से अधिक ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसमें BGMI एकमात्र ऐसा ऐप है जो वापसी कर रहा है। इस कदम से दक्षिण कोरियाई गेमिंग कंपनी को बड़ी राहत मिलेगी। Krafton ने भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम में $100 मिलियन का निवेश किया है।
पिछले साल किया गया था बैन
इससे भारत में तेजी से बढ़ते ई-सपोर्ट उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। इस ऐप को सरकार ने पिछले साल बैन कर दिया था। क्राफ्टन ने पहले दावा किया था कि जुलाई 2022 में बीजीएमआई ने 10 करोड़ पंजीकृत यूजर्स का आंकड़ा पार कर लिया है।
प्रतिबंध से पहले, यह भारतीय बाजार में Android पर उपलब्ध सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाले Android ऐप्स में से एक था। इस गेम के लॉन्च होने के बाद से ही इस पर लगातार सवाल उठ रहे थे।
चूंकि, यह पबजी मोबाइल का रीब्रांडेड वर्जन था और इसमें ज्यादा कुछ नहीं बदला गया था। यही वजह थी कि कई लोग इसे बैन करने की मांग कर रहे थे. यहां तक कि क्राफ्टन पर भी आरोप लगे थे कि कंपनी ने उन्हीं चीनी अधिकारियों को काम पर रखा था जो पबजी मोबाइल इंडिया के लिए काम कर रहे थे।
हो सकती हैं शर्तें लागू
हाल ही में आई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजीएमआई को भारत सरकार से 90 दिनों के लिए अस्थायी मंजूरी मिल सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि खेल की वापसी होगी.
लेकिन अब खिलाड़ियों को इसे खेलने के लिए कुछ नियम और शर्तें होंगी। पहली शर्त में कहा गया था कि BGMI गेम अब 24X7 नहीं खेला जा सकता है. दूसरा, खेल में खून का रंग बदला जा सकता है।